Chhattisgarh Weather : बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रशासन सतर्क हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार जिले में 27 अक्टूबर को भारी और 28 अक्टूबर को अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
कलेक्टर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
संभावित खराब मौसम को देखते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और अपनी व परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। विशेष रूप से नदी-नालों के किनारे रहने वाले ग्रामीणों और अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से कहा है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, रपटों और पुल-पुलियों पर पानी का बहाव होने पर उन्हें पार करने की कोशिश न करें। जलभराव और बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, जर्जर भवनों और खुले स्थानों से दूर रहें।
किसानों और ग्रामीणों को भी खराब मौसम के दौरान खेतों, जंगलों और नदी-नालों की ओर अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है।
जरूरी सामान पहले से रखने की सलाह
प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को पर्याप्त खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान पहले से रखने को कहा गया है, ताकि भारी बारिश के कारण आवागमन प्रभावित होने पर परेशानी न हो।
आपात स्थिति में प्रशासन को दें सूचना
कलेक्टर विश्वदीप ने नागरिकों से मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। कहीं जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति, पेड़ गिरने या बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त होने की घटना सामने आने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन, पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी जोखिमपूर्ण स्थिति में सावधानी बरतने की अपील की है। संभावित भारी बारिश को देखते हुए सभी नागरिकों से सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।