नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुजरात, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में मौसम तेजी से बिगड़ सकता है।
गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट
IMD ने गुजरात के अहमदाबाद, अमरेली, आनंद, बनासकांठा, भरूच, भावनगर, बोटाद, गांधीनगर, कच्छ, खेड़ा, महेसाणा, पंचमहल, पाटन, साबरकांठा, सुरेंद्रनगर और वडोदरा समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार यह चेतावनी सुबह 7:46 बजे जारी की गई, जो अगले तीन घंटे (10:46 बजे तक) प्रभावी रहेगी।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
गुजरात के अरावली, छोटा उदयपुर, दाहोद, डांग, देवभूमि द्वारका, गिर सोमनाथ, जामनगर, जूनागढ़, मोरबी, नर्मदा, नवसारी, पोरबंदर, राजकोट, सूरत, तापी और वलसाड सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का खतरा
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, डोडा, गांदरबल, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, कुलगाम, पुलवामा, राजौरी, रामबन, रियासी, सांबा, शोपियां और उधमपुर सहित कई जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। IMD ने सलाह दी है कि लोग पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें, अनावश्यक यात्रा से बचें, बाहर निकलने से पहले सड़क और ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और एडवाइजरी का पालन करें।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों तक कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की आवश्यकता है।