भिलाई/गुरुग्राम। भिलाई के एआई इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक का शव हरियाणा के गुरुग्राम में रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिलने और उनके साथ रह रही युवती की हत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस फिलहाल हत्या और संदिग्ध आत्महत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भिलाई-3 थाना क्षेत्र की विश्व बैंक कॉलोनी निवासी श्रेष्ठ मलिक गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में एआई इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। उनका शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला। गुरुग्राम जीआरपी पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उनकी पहचान की गई।
इसी बीच गुरुग्राम पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि श्रेष्ठ के साथ रह रही एक युवती का शव सेक्टर-55 स्थित कमरे में खून से लथपथ मिला। पुलिस के अनुसार, युवती की चाकू से कई वार कर हत्या की गई थी। मृतका उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली थी और गुरुग्राम की एक कंपनी में श्रेष्ठ के साथ ही काम करती थी। दोनों पहले अलग-अलग पीजी में रहते थे, लेकिन तीन दिन पहले ही युवती ने अपना कमरा छोड़कर श्रेष्ठ के साथ रहने के लिए नया आवास लिया था।

रविवार को युवती के परिजनों ने उसके फोन नहीं उठाने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब कमरे पर पहुंची तो युवती का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में हत्या करीब एक दिन पहले किए जाने की आशंका जताई गई है। घटना के बाद से श्रेष्ठ लापता थे, जबकि बाद में पता चला कि उनका शव शनिवार को रेलवे ट्रैक से बरामद किया जा चुका था।
मामले में नया मोड़ तब आया जब गुरुग्राम पहुंचे श्रेष्ठ के परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की। परिवार का दावा है कि घटना से पहले श्रेष्ठ ने अपने भाई को फोन कर बताया था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। परिजनों का कहना है कि श्रेष्ठ शांत स्वभाव का युवक था और वह किसी की हत्या नहीं कर सकता।
फिलहाल गुरुग्राम की सेक्टर-55 थाना पुलिस हत्या और आत्महत्या के दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।