मेनोनाइट चर्च के पास संदिग्ध हालत में मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग शहर के पदमनाभपुर थाना क्षेत्र में मेनोनाइट चर्च के पास मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पदमनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेनोनाइट चर्च के समीप एक मकान के सामने एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक के पैर में चोट के निशान थे और पास में खून के धब्बे भी दिखाई दे रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी भेज दिया गया है।

फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *