नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड्स को 95 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि अपने नाम कर ली। दीप्ति अब महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गई हैं।
नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबले में एक विकेट हासिल करते ही दीप्ति शर्मा ने भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 अंतरराष्ट्रीय विकेटों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब दोनों खिलाड़ियों के नाम 355-355 विकेट दर्ज हैं। इस सूची में इंग्लैंड की कैथरीन साइवर ब्रंट 335 विकेट के साथ तीसरे, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा पेरी 332 विकेट के साथ चौथे और इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 327 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों में 55 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई।
इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने 19 रन, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 12 रन बनाए, जबकि ऋचा घोष ने सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 20 रन और दीप्ति शर्मा ने 2 गेंदों में नाबाद 10 रन जोड़कर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 114 रन पर ऑलआउट हो गई। नीदरलैंड्स की ओर से बैबेट डी लीडे ने सर्वाधिक 28 रन बनाए।
गेंदबाजी में भारत की ओर से श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं शेफाली वर्मा ने 3 विकेट और नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए। भारत की इस जीत और दीप्ति शर्मा की ऐतिहासिक उपलब्धि ने टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत कर दिया है।