दुर्ग । मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कांग्रेस पार्टी ने आक्रामक तेवर दिखाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंक दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम के तहत राजीव भवन से कलेक्टर कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला गया।
कलेक्ट्रेट परिसर तक बनाए गए बेरिकेट्स को तोड़ते हुए कांग्रेसी कलेक्ट्रेट तक पहुंचे।


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में निकाले गए इस विरोध मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण), दुर्ग शहर और भिलाई नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी संयुक्त रूप से शामिल हुए। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका दिया।
इस बड़े विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ-साथ वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर एवं बूथ पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।