दिल्ली-NCR में सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI 350 पार, हवा बेहद खराब

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु गुणवत्ता गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। शहर में स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है और नागरिकों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 349 दर्ज किया गया, जिसे ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रखा गया है।

शहर के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण के स्तर भी खतरनाक बने हुए हैं। धौला कुआं में AQI 356, आनंद विहार में 390, अलीपुर में 356, अशोक विहार में 388, चांदनी चौक में 371 और आईटीओ में 357 दर्ज किया गया है। बवाना में AQI 405, बुराड़ी में 369, जहांगीरपुरी में 394, नरेला में 388 और द्वारका में 348 रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली से सटे नोएडा सेक्टर-62 में AQI 325, गाजियाबाद के वसुंधरा में 296, इंदिरापुरम में 389 और गुरुग्राम के विकास सदन क्षेत्र में 325 दर्ज हुआ। पिछले दिनों के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 327 था, मंगलवार को 352 और सोमवार को 382 रिकॉर्ड किया गया था।

मौसम और प्रदूषण विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में हवा की गुणवत्ता में किसी बड़े सुधार की संभावना कम है। नागरिकों को सलाह दी जा रही है कि वे बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें और लंबे समय तक बाहर रहने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *