रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित जनगणना 2027 के तहत शुरू की गई डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया को लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। नागरिक बड़ी संख्या में ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर रहे हैं।
जनगणना संचालन निदेशालय, छत्तीसगढ़ के ताजा आंकड़ों के अनुसार अब तक 19,039 नागरिकों ने अपनी स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी कर ली है, जबकि 7,734 लोगों ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर प्रक्रिया की शुरुआत की है। इस तरह कुल 26,773 नागरिक अब तक इस डिजिटल सिस्टम से जुड़ चुके हैं।
इस पूरी पहल को भारत सरकार के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त के समन्वय में लागू किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन सामाजिक-आर्थिक आंकड़े जुटाना है, ताकि भविष्य में नीतिगत निर्णय बेहतर तरीके से लिए जा सकें।
स्व-गणना प्रक्रिया में नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर रहे हैं। लॉगिन के लिए ओटीपी आधारित सत्यापन की व्यवस्था की गई है, जिसके बाद परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भरी जाती हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर नागरिकों को एक डिजिटल संदर्भ संख्या (CRN) प्रदान की जाती है, जो आगे के सत्यापन में उपयोगी होगी।
राज्य प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए तकनीकी और मानव संसाधन दोनों स्तरों पर तैयारी की है। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को डिजिटल सिस्टम का प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि डेटा संग्रह और सत्यापन कार्य बिना किसी त्रुटि के पूरा हो सके। साथ ही, नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन सेवाएं भी सक्रिय की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि डेटा की सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, और सभी जानकारी को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा रहा है।
जनगणना संचालन, छत्तीसगढ़ के निदेशक डॉ. कार्तिकेय गोयल ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल पहल में सक्रिय रूप से भाग लें और समय पर अपनी स्व-गणना पूरी करें। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया राज्य के विकास और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।