उमदा बस्ती के पास भीषण सड़क दुर्घटना, दिव्यांग बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

भिलाई। सिरसा गेट से उमदा रोड की ओर जा रहे 65 वर्षीय दिव्यांग गोवर्धन पाल सोमवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है और उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हथखोज निवासी गोवर्धन पाल अपने परिजन के घर आयोजित दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान उमदा बस्ती के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी चार चक्के वाली स्कूटी को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर से वे अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से भिड़ते हुए नीचे गिर पड़े।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुरानी भिलाई थाना की 112 टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गोवर्धन पाल को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *