दुर्ग निगम ने दीपावली से पहले कर्मचारियों को दी बड़ी सौगात, 56 हितग्राहियों के खातों में पहुंची 1.21 करोड़ की उपादान राशि

दुर्ग | दीपावली से पहले नगर पालिक निगम दुर्ग के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी लेकर आई। महापौर  अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा और वित्त प्रभारी नरेंद्र बंजारे की पहल पर निगम द्वारा 56 कर्मचारियों को एकमुश्त ₹1,21,28,305 की उपादान राशि प्रदान की गई। इस राशि का वितरण जीवित और मृतक दोनों श्रेणी के कर्मचारियों को किया गया।

मोतीलाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अलका बाघमार, आयुक्त सुमित अग्रवाल और वित्त प्रभारी नरेंद्र बंजारे की मौजूदगी में हितग्राहियों को राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में निगम परिवार में खुशी और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

लगातार प्रयासों से मिली सफलता

महापौर अलका बाघमार ने बताया कि यह उपलब्धि कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सभापति श्याम शर्मा और आयुक्त सुमित अग्रवाल के कुशल नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को दीपावली से पहले यह आर्थिक सहयोग देना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके वर्षों की सेवा का सम्मान है।

वित्त प्रभारी नरेंद्र बंजारे ने बताया कि उन्होंने पिछले तीन महीनों से लगातार बैठकों का संचालन कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा कर आखिरकार कर्मचारियों को उनका हक दिलाया जा सका।

निगम परिवार में खुशी की लहर

उपादान राशि वितरण की घोषणा के साथ ही निगम परिसर में उत्साह और हर्ष का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने कहा कि यह राशि केवल आर्थिक राहत नहीं, बल्कि उनके परिश्रम और योगदान का सम्मान है।

महापौर बोलीं — “खुशहाल कर्मचारी, मजबूत निगम”

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम परिवार की खुशी ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा, “कर्मचारियों को दीपावली से पहले यह उपहार देना हमारे लिए गर्व का विषय है। हमारा लक्ष्य है कि हर कर्मचारी को सभी लाभ योजनाओं का समय पर लाभ मिले। खुशहाल कर्मचारी ही मजबूत निगम की नींव हैं।”

आयुक्त बोले — “कर्मचारियों का मनोबल निगम की शक्ति”

आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि निगम कर्मचारियों की निष्ठा और सेवा भावना ही नगर विकास की असली ताकत है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी कर्मचारी अपने अधिकार से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य शेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, शिव नायक, नीलेश अग्रवाल, पार्षद साजन जोसफ, मनोज सोनी, अश्वनी निषाद सहित कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


वित्त प्रभारी नरेंद्र बंजारे ने कहा कि आने वाले समय में निगम कर्मचारियों के हित में और भी कदम उठाएगा, जिससे कार्यस्थल का वातावरण और अधिक सकारात्मक तथा प्रेरणादायक बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *