- भिलाई स्टील प्लांट की भट्टी में नष्ट किए गए 62 हजार किलो अफीम के पौधे
दुर्ग, 4 जून । नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे महा-अभियान के तहत दुर्ग रेंज पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई की है। पुलिस ने वैधानिक कानूनी प्रक्रिया को पूरा करते हुए लगभग 7.88 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों को भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के SMS 3 प्लांट की भट्टी में पूरी तरह नष्ट कर दिया। यह पूरी कार्रवाई गुरुवार को दुर्ग रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की प्रत्यक्ष निगरानी में सुरक्षा मानकों के साथ संपन्न हुई।
न्यायालय से हरी झंडी मिलने के बाद एक्शन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी सामग्री दुर्ग के थाना पुलगांव में दर्ज अपराध क्रमांक 247/2026 के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8 एवं 18 के अंतर्गत जब्त की गई थी। मामले में लंबी न्यायालयीन एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद, अदालत से इन प्रतिबंधित मादक पदार्थों को नष्ट करने की आधिकारिक अनुमति प्राप्त की गई थी।
आईजी और एसएसपी की मौजूदगी में नष्टीकरण
ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) व उप पुलिस महानिरीक्षक विजय अग्रवाल तथा आबकारी उपायुक्त शशांक कुमार सहित समिति के सभी आला अधिकारी प्लांट में मुस्तैद रहे। मादक पदार्थों को भट्टी में डालने से पहले पर्यावरण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) और कानूनी अनुमतियां ली गई थीं।
क्या-क्या हुआ नष्ट
- कुल अफीम के पौधे: 14 लाख 30 हजार 100 (जड़, तना, पत्ती, फूल-फल सहित)
- पौधों का कुल वजन: 62,422.2 किलोग्राम (62 टन से अधिक)
- अफीम डोडा: 62.540 किलोग्राम
- मिश्रित डोडा बुक्की: 572 ग्राम
- कुल अनुमानित बाजार कीमत: ₹7,88,00,000 (7.88 करोड़ रुपये)