बीजिंग। चीन के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित किंघाई प्रांत मंगलवार शाम भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। महज 40 मिनट के भीतर यहां एक के बाद एक आठ बार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई। इनमें सबसे शक्तिशाली भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर नीचे और प्रांतीय राजधानी शियांग से लगभग 567 किलोमीटर दूर बताया गया है। लगातार आए झटकों के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं।
स्थानीय मीडिया और ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप की इस श्रृंखला में अब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल राहत दलों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा है। साथ ही आसपास की कोयला खदानों में कार्यरत मजदूरों को सुरक्षा के मद्देनजर बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों द्वारा नुकसान और हताहतों का आकलन किया जा रहा है।
भूवैज्ञानिकों के अनुसार, किंघाई प्रांत तिब्बती पठार के किनारे स्थित है और भारतीय तथा यूरेशियन विवर्तनिक प्लेटों के टकराव के कारण यह क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। हालांकि यहां पहले भी भूकंप आते रहे हैं, लेकिन इतने कम समय में लगातार आठ झटकों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
इधर चीन के बाद जापान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। जापान के इबाराकी प्रांत में मंगलवार शाम स्थानीय समयानुसार 7:46 बजे 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 50 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।