रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार जारी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है।
राजनांदगांव सबसे गर्म जिला
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, रायपुर और बिलासपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री और जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अगले तीन दिन हीटवेव का असर जारी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। कई इलाकों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।
29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत
भीषण गर्मी के बीच 29 मई से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। इस दौरान प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवाएं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज भी तपिश जारी
राजधानी रायपुर में बुधवार को भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जिससे लोगों को दिनभर गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।