भोपाल : भोपाल में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री की अपील के बाद अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने काफिले में इलेक्ट्रिक कारों को शामिल करने जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, नई ईवी गाड़ियां सीएम हाउस पहुंच चुकी हैं और उन्हें जल्द ही सीएम के कारकेड में शामिल किया जाएगा। इससे पहले इन वाहनों की सुरक्षा मानकों को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
सीएम सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों को काफिले में शामिल करने से पहले सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच की जाएगी। इसके साथ ही ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि ईवी वाहनों के संचालन में किसी तरह की समस्या न आए।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हाल ही में अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या भी कम की है, जिससे ईंधन की खपत को नियंत्रित किया जा सके। सरकार का मानना है कि मंत्रियों और वीआईपी काफिलों में वाहनों की संख्या अधिक होने से पेट्रोल-डीजल की खपत बढ़ती है, जिसे अब कम करने पर जोर दिया जा रहा है।
अब इलेक्ट्रिक वाहनों के शामिल होने से सीएम का काफिला अधिक पर्यावरण अनुकूल और ईंधन बचत वाला होगा। प्रशासन इसे हरित परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।