नई दिल्ली: दिल्ली के निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क इलाके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी रेखा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर विनय के साथ बेरहमी से मारपीट करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह विनय और उसकी पत्नी रेखा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रेखा ने अपने पिता ज्ञान चंद, भाइयों राजकुमार और सोनू, एक भाई की पत्नी सहित कुछ अन्य लोगों को घर बुलाया। आरोप है कि मायके पक्ष के लोग कार से घर पहुंचे और सीधे पहली मंजिल पर स्थित विनय के कमरे में चले गए।
विनय नोएडा की एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उसकी शादी रेखा से हुई थी। दंपती के करीब साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चे भी हैं।
चीख-पुकार सुनकर मां पहुंचीं कमरे में
विनय की मां के अनुसार, कुछ देर बाद उन्हें पहली मंजिल से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। अनहोनी की आशंका में वह तुरंत कमरे में पहुंचीं। परिवार का आरोप है कि वहां कई लोग विनय को घेरकर उसके साथ मारपीट कर रहे थे।
मां ने जब अपने बेटे को बचाने की कोशिश की तो कथित तौर पर उन्हें भी रोक दिया गया। परिजनों का आरोप है कि रेखा भी उस समय मौके पर मौजूद थी और उसने विनय को बचाने का प्रयास नहीं किया। परिवार का दावा है कि रेखा ने विनय की मां का हाथ पकड़कर उन्हें कमरे से बाहर कर दिया।
पड़ोसियों की आहट पर भागे आरोपी
विनय की मां लगातार अपने बेटे को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं। जब उनकी बात नहीं सुनी गई तो उन्होंने मदद के लिए पड़ोसियों को आवाज लगाई। आरोप है कि पड़ोसियों के पहुंचने की भनक लगते ही कमरे में मौजूद लोग वहां से भाग निकले। परिजनों के मुताबिक, आरोपी अपनी कार भी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पत्नी के कथित बयान को लेकर भी विवाद
मृतक के परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि गंभीर हालत में विनय को समय पर मदद नहीं मिली। परिवार का दावा है कि विनय की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसकी पत्नी ने कथित तौर पर इसे ‘ड्रामा’ बताया और कहा कि उसे डराने के लिए ऐसा कहा जा रहा है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार, विनय की मौत की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट से चोटों की प्रकृति और मौत के वास्तविक कारण की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने मामले में परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। नामजद लोगों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विनय की मौत किन परिस्थितियों में हुई।