Government Job : सरकारी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे इंजीनियरिंग पेशेवरों के लिए अच्छी खबर है। इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (EPI) ने निश्चित अवधि के अनुबंध (फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। भर्ती अभियान के तहत कुल 14 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, असिस्टेंट मैनेजर (सिविल) के 9 पद, असिस्टेंट मैनेजर (इलेक्ट्रिकल) का 1 पद, असिस्टेंट मैनेजर (मैकेनिकल) के 2 पद तथा सीनियर मैनेजर (सिविल) के 2 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
3 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जून 2026 सुबह 9:30 बजे से शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 शाम 5:30 बजे तक ईपीआई के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित ट्रेड में बीई/बीटेक, एएमआईई या समकक्ष डिग्री कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ होना अनिवार्य है। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो वर्ष का पोस्ट-क्वालिफिकेशन एग्जीक्यूटिव अनुभव भी आवश्यक है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा पदों के अनुसार 32 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग और साक्षात्कार (इंटरव्यू) के आधार पर किया जाएगा। स्क्रीनिंग के दौरान शैक्षणिक योग्यता, प्राप्त अंक और कार्यानुभव को ध्यान में रखा जाएगा।
इतना मिलेगा वेतन
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 40 हजार रुपये से 70 हजार रुपये प्रति माह तक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी की ओर से अन्य भत्ते और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुंबई में होगा इंटरव्यू
भर्ती प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय (WRO), मुंबई में आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू की तिथि, समय और विस्तृत पता जल्द जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे इंटरव्यू के समय सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां और फोटोकॉपी अपने साथ लेकर पहुंचें।