मुंबई: सोशल मीडिया पर सोमवार सुबह से ही दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबरें तेजी से फैलने लगीं, जिससे उनके प्रशंसकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कुछ ही देर बाद उनकी बेटी ईशा देओल ने इन अफवाहों का खंडन करते हुए एक पोस्ट के जरिए सच्चाई सामने रखी।
ईशा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा — “कृपया झूठी खबरों पर ध्यान न दें। मेरे पापा पूरी तरह सुरक्षित हैं और बेहतर हो रहे हैं। सोशल मीडिया को गलत जानकारी फैलाने से पहले सच्चाई की जांच करनी चाहिए। परिवार की निजता का सम्मान करें और सभी की दुआओं के लिए धन्यवाद।”

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र को बीते सोमवार को मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए भर्ती किया गया था। उनके साथ पूरा देओल परिवार मौजूद है।
बॉलीवुड के कई सितारे, जिनमें सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा और अमीशा पटेल शामिल हैं, सोमवार शाम अस्पताल पहुंचे और अभिनेता के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
धर्मेंद्र के प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है कि उनके पसंदीदा स्टार स्वस्थ हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। परिवार ने सभी से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय, उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करें।