रायपुर, 22 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर से जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार सहायक आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, उप निरीक्षक सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत अधिकारियों को प्रशासनिक आवश्यकता के तहत नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करें।
आदेश के तहत प्रवीण वर्मा को सहायक आयुक्त से प्रभारी उपायुक्त आबकारी, रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राजेश कुमार शर्मा का स्थानांतरण रायपुर से राजनांदगांव किया गया है। रेख मराठी को बस्तर संभाग से सक्ती जिले का जिला आबकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। नितिन कुमार शुक्ल को सक्ती से मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी भेजा गया है।
इसी प्रकार दीप माहिष को रायपुर से राज्य स्तरीय उड़नदस्ता में पदस्थ किया गया है, जबकि सी.आर. साहू को दुर्ग से खैरागढ़-गंडई-छुईखदान स्थानांतरित किया गया है। नीलिमा तिवारी को जांजगीर-चांपा से रायपुर वेयरहाउस में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा बलौदाबाजार, कोरबा, कबीरधाम, बेमेतरा, बलरामपुर और धमतरी सहित कई जिलों में जिला आबकारी अधिकारियों के पदस्थापन में बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को संभागीय उड़नदस्ता एवं छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त माना जाएगा तथा उनका वेतन नवीन पदस्थापना स्थल से ही आहरित किया जाएगा। यह आदेश राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है और अवर सचिव के.एल. कश्यप द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित है।
इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


