नई दिल्ली। देशभर के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 21वीं किस्त का इंतजार है। दिवाली से पहले इसकी उम्मीद थी, लेकिन सरकार ने अब तक यह राशि जारी नहीं की है। हालांकि, कृषि मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार यह किस्त छठ पूजा से पहले या नवंबर के पहले सप्ताह तक किसानों के खातों में पहुंच सकती है।
कुछ राज्यों में किस्त जारी, बाकी को इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, कुछ आपदा प्रभावित और प्राथमिकता वाले राज्यों में 21वीं किस्त जारी की जा चुकी है। वहीं, बिहार जैसे चुनावी राज्यों में इसकी घोषणा नवंबर में होने की संभावना है। सरकार चाहती है कि अगली किस्त का लाभ सभी पात्र किसानों को एक साथ मिले, जिसके लिए डाटा वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चल रही है।
किस्त पाने से पहले करें ये जरूरी काम
कई किसान तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से पिछली किस्त नहीं ले पाए थे। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि आपकी 21वीं किस्त समय पर खाते में आए, तो नीचे दिए तीन कदम तुरंत पूरे करें—
ई-केवाईसी (e-KYC) अनिवार्य है
जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं करवाई है, वे तुरंत इसे पूरा करें। इसके बिना अगली किस्त जारी नहीं की जाएगी। किसान अपने नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर या pmkisan.gov.in वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन e-KYC कर सकते हैं।
भू-सत्यापन कराएं (Land Verification)
खेती योग्य भूमि की पुष्टि जरूरी है। कई राज्यों में बिना भूमि सत्यापन के किस्त रोक दी जाती है। इसलिए अपने कृषि रिकॉर्ड की जांच करवाएं और सत्यापन रिपोर्ट अपडेट कराएं।
आधार-बैंक लिंकिंग करें
अगर आपका बैंक खाता अभी तक आधार कार्ड से लिंक नहीं है, तो तुरंत इसे जोड़ें। आधार लिंक न होने की स्थिति में बैंक आपकी किस्त को होल्ड कर सकता है।
किसान हित में सरकार की तैयारी
केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि वे पात्र किसानों के डेटा को जल्द से जल्द सत्यापित करें, ताकि किसी को भी किस्त से वंचित न रहना पड़े।