Festival Special Trains: दिवाली और छठ पर यात्रियों को राहत, रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए; टिकट बुकिंग से पहले जान लें शेड्यूल

पटना। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व के दौरान बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए पूर्व रेलवे ने पटना-हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन (02024/02023) के परिचालन का विस्तार किया है। अब यह ट्रेन अक्टूबर से दिसंबर तक 11 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।

रेलवे के संशोधित शेड्यूल के मुताबिक ट्रेन प्रत्येक रविवार को दोनों दिशाओं में चलेगी। अक्टूबर में 4, 11, 18 और 25, नवंबर में 1, 8, 15, 22 और 29 तथा दिसंबर में 6 और 13 तारीख को ट्रेन का संचालन होगा।

इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

पटना से हावड़ा के बीच चलने वाली यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। बिहार में पटना साहिब, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, हाथीदह, लखीसराय, जमुई और झाझा प्रमुख ठहराव हैं। झारखंड में जसीडीह, मधुपुर, जामताड़ा और चितरंजन, जबकि पश्चिम बंगाल में आसनसोल और दुर्गापुर के बाद ट्रेन हावड़ा पहुंचेगी।

समय और कोच में बदलाव नहीं

पूर्व रेलवे के अनुसार ट्रेन के समय, ठहराव और कोच कंपोजिशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विस्तारित फेरों के लिए टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है। यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट, Rail Connect ऐप या रेलवे आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक कर सकते हैं।

यह अतिरिक्त परिचालन छठ और अन्य त्योहारों के दौरान बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *