राहुल गांधी के परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक कानूनी घेरे में, FIR दर्ज

बेंगलुरु कर्नाटक में भाजपा विधायक यशपाल सुवर्णा के एक विवादित बयान को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के परिवार को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

यह मामला बुधवार को उडुपी टाउन पुलिस स्टेशन में उडुपी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार कोडावूर की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उडुपी में भाजपा के एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान विधायक यशपाल सुवर्णा ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी के परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी की। उनका यह बयान सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

कांग्रेस ने भाजपा पर नफरत फैलाने और धमकी की राजनीति करने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं ने इस बयान को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए विधायक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं एमएलसी मंजूनाथ भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विधायक की टिप्पणी को भड़काऊ और आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले जनप्रतिनिधियों को इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए।

भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नीट पेपर लीक विवाद और उससे जुड़े विरोध प्रदर्शनों से ध्यान हटाने के लिए राहुल गांधी पर व्यक्तिगत हमले कर रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को कभी भी धमकी या नफरत फैलाने वाली भाषा का आधार नहीं बनाया जा सकता। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे बयान तटीय कर्नाटक में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने मामले की जांच में तेजी लाने के लिए इसे राज्य के गृह मंत्री के समक्ष उठाने की बात भी कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *