मेक्सिको सिटी : उत्तरी मेक्सिको के सोनोरा राज्य की राजधानी हर्मोसिलो में एक डिपार्टमेंटल स्टोर में भीषण विस्फोट और आग की घटना से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक कम से कम 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट शहर के एक व्यस्त डिपार्टमेंटल स्टोर में हुआ, जिसके बाद आग तेजी से पूरी इमारत और आसपास खड़ी गाड़ियों में फैल गई। कई लोग अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने देर रात तक सर्च और बचाव अभियान चलाया। इस दौरान 12 से अधिक घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग की वजह एक खराब ट्रांसफार्मर से निकला धुआं हो सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट स्थानीय वाल्डोज स्टोर की एक शाखा में हुआ था। फिलहाल आतंकवादी हमले की आशंका से इंकार किया गया है और घटना के तकनीकी कारणों की जांच जारी है।
इससे पहले भी मेक्सिको में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं — हाल ही में न्यू मैक्सिको के आर्टेसिया में स्थित तेल रिफाइनरी में जोरदार धमाके के बाद आग लग गई थी। वहीं, सितंबर में मेक्सिको सिटी में एक गैस टैंकर ट्रक फटने से तीन लोगों की मौत और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
मैक्सिकन राजधानी की गवर्नर क्लारा ब्रुगाडा मोलिना ने बताया था कि यह हादसा कॉनकॉर्डिया पुल के नीचे हुआ, जब 49,500 लीटर गैस से भरा टैंकर पलट गया था। घटना में 18 वाहन क्षतिग्रस्त हुए और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।