नई दिल्ली। बांग्लादेश की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। देश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख बेगम खालिदा जिया का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 80 वर्ष की थीं। ढाका स्थित अपोलो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने सुबह करीब 6 बजे अंतिम सांस ली।
बीएनपी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि खालिदा जिया लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। दिल और फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत के बाद उन्हें 23 नवंबर 2025 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीते 36 दिनों से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
पार्टी के अनुसार, उनका निधन फज्र की नमाज़ के तुरंत बाद हुआ। बयान में कहा गया है कि बीएनपी परिवार इस अपूरणीय क्षति से गहरे शोक में है और देशवासियों से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दुआ करने की अपील की गई है।
बताया जा रहा है कि खालिदा जिया कई वर्षों से लिवर सिरोसिस, गठिया, मधुमेह समेत किडनी, हृदय, फेफड़े और आंखों से जुड़ी जटिल बीमारियों से पीड़ित थीं। उनका उपचार एक विशेष मेडिकल बोर्ड की निगरानी में चल रहा था, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल थे। हाल ही में उन्हें बेहतर इलाज के लिए विदेश ले जाने की योजना भी बनी थी, लेकिन स्वास्थ्य अत्यंत नाजुक होने के कारण यह संभव नहीं हो सका।
खालिदा जिया के निधन से बांग्लादेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। देश और विदेश से कई राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।