बिलासपुर को विकास की सौगात: 10 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, मुक्तिधाम-सामुदायिक भवन के लिए 1.5 करोड़ की घोषणा

बिलासपुर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को बिलासपुर के मंगला स्थित माता चौरा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास को मिशन के रूप में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि अब केवल भूमिपूजन तक सीमित नहीं रहा जाता, बल्कि विकास कार्यों का समयबद्ध तरीके से लोकार्पण भी सरकार की कार्य संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सड़क, रेल, पेयजल और शहरी विकास के क्षेत्र में तेजी से हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिलासपुर को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति मिली है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले समय में शहर और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगला मुक्तिधाम के विकास के लिए 50 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इन घोषणाओं का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया।

कार्यक्रम को विधायक सुशांत शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस दौरान बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त प्रकाश सर्वे, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *