सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़: 3 विदेशी नागरिक समेत 6 लोग दबोचे गए

मुंबई। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में तीन विदेशी नागरिकों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य का अवैध सोना बरामद किया गया है।

डीआरआई को खुफिया सूचना मिली थी कि मुंबई एयरपोर्ट के जरिए बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बांग्लादेश और श्रीलंका से जुड़े तीन विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि ये तस्कर विदेशों से सोना लाकर भारत में खपाने का काम कर रहे थे।

एयरपोर्ट के तीन कर्मचारी भी निकले शामिल

मामले की जांच में यह भी सामने आया कि तस्करों को एयरपोर्ट के ही तीन ग्राउंड स्टाफ कर्मचारियों का सहयोग मिल रहा था। आरोप है कि ये कर्मचारी मोटी रकम लेकर सोने की खेप को सुरक्षा और कस्टम जांच से बचाकर बाहर निकालने में मदद करते थे। डीआरआई ने तीनों कर्मचारियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच तेज

डीआरआई ने आरोपियों के पास से बरामद सोने को जब्त कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार एक बड़े अंतरराष्ट्रीय स्मगलिंग नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है, अब तक कितनी बार सोने की तस्करी की गई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। डीआरआई को उम्मीद है कि जांच के दौरान इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *