युवाओं के लिए सुनहरा मौका: पुलिस में 5500 कांस्टेबल की भर्ती शुरू

 चंडीगढ़। हरियाणा में सरकारी सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने पुलिस विभाग में कांस्टेबल के कुल 5,500 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। लंबे समय से लंबित इस भर्ती से हजारों अभ्यर्थियों को अवसर मिलने की उम्मीद है।

भर्ती विवरण के अनुसार, कुल पदों में 4,500 पद पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी), 600 पद महिला कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और 400 पद पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस – GRP) के लिए निर्धारित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

योग्य उम्मीदवार 11 जनवरी 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hssc.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 तय की गई है, जो देर रात 11:59 बजे तक मान्य होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

भर्ती परीक्षा की तिथि को लेकर फिलहाल कोई घोषणा नहीं की गई है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग द्वारा परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र और अन्य जरूरी सूचनाएं अलग से जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *