सुशासन तिहार 2026: CM विष्णु देव साय ने बिहान दीदियों को सौंपी टाटा मैजिक की चाबी, महिला सशक्तिकरण को मिली नई रफ्तार

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया। ग्राम चेरपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत 8 संकुल स्तरीय संगठनों को आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना (AGEY) के तहत टाटा मैजिक सवारी वाहनों की चाबी सौंपी।

मुख्यमंत्री ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक वाहन पर लगभग 5 लाख रुपये की अनुदान सहायता प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा के साथ-साथ महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत भी मिलेगा।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बिहान मिशन के तहत जिले में 41,110 परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर स्वरोजगार से लाभान्वित किया गया है। महिलाएं कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम और वनोपज प्रसंस्करण जैसी गतिविधियों से अपनी आय बढ़ा रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

इन टाटा मैजिक वाहनों के संचालन से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की बाजार, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे लोगों को सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिलेगी और महिलाओं को नियमित रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और स्व-सहायता समूह ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला बन चुके हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से न केवल उन्हें रोजगार मिलेगा, बल्कि ग्रामीण सेवा और आत्मनिर्भरता की दिशा में नया अवसर भी प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *