छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए खुशखबरी! TET की विशेष परीक्षा को मंजूरी, प्रमोशन के लिए पास करना होगा टेस्ट

रायपुर, 21 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सेवारत शासकीय शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है। राज्य सरकार ने विशेष TET परीक्षा आयोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब सेवारत शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने के लिए साल में कम से कम दो बार परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, विशेष TET परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) के माध्यम से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पद्धति से आयोजित की जाएगी। शासन ने लोक शिक्षण संचालनालय को वर्ष में न्यूनतम दो बार परीक्षा आयोजित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार का फैसला

राज्य सरकार का यह निर्णय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सिविल अपील क्रमांक 1385/2025 में 1 सितंबर 2025 और पुनर्विचार याचिका में 29 मई 2026 को पारित आदेशों के अनुपालन में लिया गया है।

न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ाने वाले ऐसे सेवारत शिक्षकों के लिए निर्धारित स्तर की TET परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है, जिनकी सेवा अवधि पांच वर्ष या उससे अधिक शेष है। यह पात्रता सेवा में बने रहने अथवा पदोन्नति से संबंधित निर्धारित शर्तों के तहत जरूरी होगी।

इसी के मद्देनजर लोक शिक्षण संचालनालय ने 24 सितंबर 2026 को राज्य शासन को विशेष TET परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा था। सरकार ने इस प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी है।

CBT पद्धति से होगी परीक्षा

विशेष TET परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) पद्धति से आयोजित की जाएगी। इसके लिए तकनीकी सेवा प्रदाता कंपनी की सहायता ली जाएगी। आवश्यकता के अनुसार परीक्षा एक से अधिक पालियों में आयोजित की जा सकेगी।

शासन ने निर्देश दिए हैं कि अलग-अलग पालियों में प्रश्नपत्रों का स्तर समान रखा जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता बनी रहे।

सफल शिक्षकों को मिलेगा प्रमाणपत्र

विशेष TET परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षकों को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), रायपुर की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले से सेवारत शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेंगे। इससे उन शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें निर्धारित पात्रता पूरी करनी है। हालांकि, परीक्षा की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम से संबंधित जानकारी विभाग की ओर से जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *