रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश की बिजली कंपनियों में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की तीनों कंपनियों में कुल 1501 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के लिए 5 नवंबर 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 38 प्रकार के पदों को शामिल किया गया है। इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर सबसे अधिक रिक्तियां रखी गई हैं।
6 नवंबर से आवेदन शुरू, 26 नवंबर तक मौका
बिजली कंपनियों की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन शुल्क भी निर्धारित समय सीमा के भीतर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड अथवा यूपीआई के माध्यम से जमा करना होगा। भर्ती विज्ञापन के अनुसार, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा 609 पद
इस भर्ती में डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद रखे गए हैं। इनमें जनरेशन कंपनी में 95, ट्रांसमिशन कंपनी में 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 450 पद शामिल हैं।
वहीं, कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।
इंजीनियरिंग क्षेत्र में भी बड़ी भर्ती
सहायक अभियंता के कुल 152 पदों पर भर्ती होगी। इनमें मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 92, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10, कंप्यूटर साइंस के 2, सूचना प्रौद्योगिकी के 2 और सिविल के 20 पद शामिल हैं।
इसके अलावा फायर ऑफिसर के 1, सुरक्षा अधिकारी के 3, शिफ्ट केमिस्ट के 6 और प्रोग्रामर के 3 पद निर्धारित किए गए हैं।
कनिष्ठ अभियंता के अन्य पदों में मैकेनिकल के 12, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9, कंप्यूटर साइंस का 1, सूचना प्रौद्योगिकी का 1 और सिविल के 26 पद शामिल हैं।
आईटीआई और तकनीकी योग्यता वालों को भी मौका
आईटीआई एवं तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए भी भर्ती में अवसर दिए गए हैं। इसके तहत सब फायर ऑफिसर के 6, सुरक्षा निरीक्षक के 10 और सुरक्षा उप निरीक्षक के 19 पद शामिल हैं।
वहीं, अटेंडेंट प्लांट ग्रेड-III के अंतर्गत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा फायर अटेंडेंट ग्रेड-II के 45 पद भी रखे गए हैं।
मेडिकल, अकाउंट्स और प्रशासनिक पदों पर भी भर्ती
बिजली कंपनियों में चिकित्सा और प्रशासनिक क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर हैं। लेखा अधिकारी/सहायक प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) के 15, चिकित्सा अधिकारी के 15 और सहायक विधि अधिकारी के 8 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इसके अलावा सहायक औद्योगिक संबंध अधिकारी के 8, अंग्रेजी स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 12 और हिंदी स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 13 पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पदों में सहायक लैब तकनीशियन के 6, सहायक फार्मासिस्ट के 25, सहायक स्टाफ नर्स के 18, सहायक रेडियोग्राफर के 3, सहायक ड्रेसर के 5 और सहायक ईसीजी तकनीशियन के 3 पद निर्धारित किए गए हैं।
आवेदन से पहले जरूर जांच लें पात्रता
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी की इस भर्ती से इंजीनियरिंग, आईटीआई, कंप्यूटर, मेडिकल, सुरक्षा, वित्त एवं प्रशासनिक क्षेत्र के युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद का आधिकारिक भर्ती विज्ञापन ध्यानपूर्वक पढ़ें और शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, मूल निवासी संबंधी शर्तों तथा आवेदन शुल्क की जानकारी जांच लें। आवेदन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।