Google Chrome यूजर्स सावधान! CERT-In ने जारी की हाई-सीवेरिटी चेतावनी, तुरंत करें ब्राउजर अपडेट

नई दिल्ली। अगर आप लैपटॉप या कंप्यूटर पर Google Chrome का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। भारत सरकार की साइबर सिक्योरिटी एजेंसी CERT-In (Indian Computer Emergency Response Team) ने डेस्कटॉप Chrome यूजर्स के लिए कई गंभीर सुरक्षा कमजोरियों को लेकर चेतावनी जारी की है। इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स के सिस्टम में सेंध लगाने, मनमाना कोड चलाने और संवेदनशील जानकारी चोरी करने की कोशिश कर सकते हैं।

Chrome के कई हिस्सों में मिलीं सुरक्षा खामियां

CERT-In के अनुसार, Chrome के कुछ पुराने वर्जन में V8, TabStrip, HTML, Extensions और Blink जैसे कंपोनेंट्स से जुड़ी सुरक्षा कमजोरियां सामने आई हैं। इनमें कुछ खामियां ‘Use-after-free’ जैसी मेमोरी-संबंधी समस्याओं से जुड़ी हैं।

इनका फायदा उठाकर हमलावर विशेष रूप से तैयार किए गए वेबपेज या लिंक के जरिए यूजर्स को निशाना बना सकते हैं। सफल साइबर हमले की स्थिति में सिस्टम की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ संवेदनशील डेटा के चोरी होने का खतरा भी बढ़ सकता है।

Windows, macOS और Linux यूजर्स रहें सतर्क

सरकारी चेतावनी के मुताबिक, Windows, macOS और Linux पर Chrome के पुराने वर्जन प्रभावित हो सकते हैं। Windows और macOS पर 151.0.7922.137 और 151.0.7922.138 से पुराने वर्जन, जबकि Linux पर 151.0.7922.137 से पुराने वर्जन को अपडेट करने की सलाह दी गई है।

यूजर्स को किसी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए, क्योंकि साइबर अपराधी ऐसी कमजोरियों का फायदा उठाने के लिए फर्जी वेबसाइट या लिंक का इस्तेमाल कर सकते हैं।

ऐसे तुरंत अपडेट करें Google Chrome

Chrome को सुरक्षित रखने के लिए यूजर्स को ब्राउजर का लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करना चाहिए। इसके लिए:

  1. कंप्यूटर पर Google Chrome खोलें।
  2. ऊपर दाईं ओर दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू पर क्लिक करें।
  3. Help विकल्प में जाएं।
  4. About Google Chrome पर क्लिक करें।
  5. Chrome अपने आप उपलब्ध अपडेट की जांच करेगा और अपडेट डाउनलोड करेगा।
  6. अपडेट पूरा होने के बाद Relaunch पर क्लिक करें।

CERT-In ने यूजर्स और संगठनों को सलाह दी है कि वे सुरक्षा जोखिम से बचने के लिए अपने Chrome ब्राउजर को समय पर अपडेट रखें और संदिग्ध वेबसाइटों व लिंक से सावधान रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *