Google I/O 2026: गूगल के 10 बड़े अपडेट से टेक दुनिया में मचा हलचल

नई दिल्ली : Google I/O 2026 में टेक्नोलॉजी की दुनिया को हिला देने वाले कई बड़े ऐलान किए गए हैं। कंपनी ने इस इवेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट डिवाइस और सर्च तकनीक को नए स्तर पर ले जाने वाले इनोवेशन पेश किए, जिससे स्मार्टफोन और इंटरनेट इस्तेमाल करने का तरीका पूरी तरह बदलने की बात कही जा रही है।

इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण ‘एजेंटिक जेमिनी’ रहा, जिसे अब सिर्फ सवालों के जवाब देने वाला एआई नहीं, बल्कि यूजर्स के लिए खुद से काम करने वाला डिजिटल असिस्टेंट बताया गया है। इसके साथ ही ‘जेमिनी ओमनी’ नाम का मल्टीमॉडल एआई मॉडल भी पेश किया गया, जो टेक्स्ट, इमेज और वीडियो को एक साथ प्रोसेस करके अधिक सटीक आउटपुट देने में सक्षम है।

कंपनी ने ‘जेमिनी 3.5 फ्लैश’ भी लॉन्च किया है, जिसे कोडिंग और रीजनिंग के लिए बेहद तेज और एडवांस मॉडल बताया गया है। वहीं ‘जेमिनी स्पार्क’ नाम का क्लाउड-बेस्ड एआई एजेंट भी पेश किया गया, जो यूजर की अनुपस्थिति में भी जीमेल, कैलेंडर और डॉक्स जैसे ऐप्स पर काम कर सकता है।

गूगल ने अपने सर्च इंजन में भी बड़ा बदलाव करते हुए एआई-पावर्ड मल्टीमॉडल सर्च सिस्टम लॉन्च किया है, जो टेक्स्ट, फोटो, वीडियो और फाइल इनपुट को सपोर्ट करेगा। इसके साथ ही ‘सर्च एजेंट्स’ नाम का फीचर भी जोड़ा गया है, जो इंटरनेट पर टिकट, कीमतों और अन्य अपडेट्स को अपने आप ट्रैक करेगा।

हार्डवेयर सेगमेंट में कंपनी ने स्मार्ट ग्लासेस को लेकर बड़ा ऐलान किया है, जिन्हें वॉर्बी पार्कर और जेंटल मॉन्स्टर के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है। इन ग्लासेस में जेमिनी आधारित नेविगेशन, वॉइस असिस्टेंस और मैसेजिंग फीचर्स होंगे।

इसके अलावा ‘एंड्रॉयड हेलो’ नाम का नया सिस्टम लेवल फीचर भी पेश किया गया है, जो यूजर को यह बताएगा कि बैकग्राउंड में एआई एजेंट कौन-कौन से काम कर रहा है। कंपनी ने यह भी बताया कि गूगल सर्च के एआई मोड के मासिक सक्रिय यूजर्स की संख्या एक अरब के पार पहुंच गई है, जो एआई तकनीक की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *