Google : टेक दिग्गज Google ने Android ऐप्स और मोबाइल गेम्स की परफॉर्मेंस बेहतर करने तथा अनावश्यक RAM खपत पर लगाम लगाने के लिए नए कड़े क्वालिटी नियमों की घोषणा की है। कंपनी का कहना है कि स्मार्टफोन की मेमोरी और हार्डवेयर संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए ऐप्स की मेमोरी खपत को नियंत्रित करना जरूरी हो गया है। Google के ये नए नियम फरवरी 2027 से पूरी तरह लागू किए जाएंगे।
फोन को स्लो होने से बचाने पर जोर
Google के मुताबिक, कई बार कोई भारी ऐप स्मार्टफोन की बड़ी मात्रा में मेमोरी इस्तेमाल कर लेता है। इससे बैकग्राउंड में चल रहे दूसरे ऐप्स बंद हो सकते हैं और फोन की परफॉर्मेंस भी प्रभावित होती है। इसी समस्या को कम करने के लिए Google Play अब ऐप्स और गेम्स की परफॉर्मेंस की अधिक सख्ती से निगरानी करेगा।
इसके तहत कोड ऑप्टिमाइजेशन, बिटमैप मेमोरी यानी तस्वीरों और ग्राफिक्स की मेमोरी खपत तथा डायनेमिक मेमोरी यूसेज जैसे प्रमुख मानकों पर ऐप्स की जांच की जाएगी।
डेवलपर्स को करना होगा कोड ऑप्टिमाइज
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, Play Store पर पब्लिश होने वाले ऐप्स के डेवलपर्स को R8 जैसे ऑप्टिमाइजेशन टूल्स का इस्तेमाल करना होगा। उन्हें कोड श्रिंकिंग, ऑप्टिमाइजेशन और ऑबफस्केशन में कम से कम 25 प्रतिशत कवरेज हासिल करनी होगी।
डेवलपर्स की मदद के लिए Google Play Console के Android Vitals सेक्शन में नए डायग्नोस्टिक टूल्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें मेमोरी क्रैश फिल्टर और तय सीमा से ज्यादा संसाधन इस्तेमाल होने पर रियल-टाइम अलर्ट जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।
नियम तोड़े तो घटेगी Play Store पर विजिबिलिटी
फरवरी 2027 से जो ऐप्स Google के निर्धारित परफॉर्मेंस मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन्हें Play Store पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे ऐप्स की सर्च विजिबिलिटी कम की जा सकती है और उनके नए अपडेट पब्लिश करने पर भी रोक लगाई जा सकती है।
इसका सीधा असर उन ऐप्स पर पड़ेगा जो लगातार ज्यादा RAM या सिस्टम संसाधनों का इस्तेमाल करते हैं। Google का उद्देश्य है कि यूजर्स को बेहतर, तेज और ज्यादा स्थिर Android अनुभव मिल सके।
नया Zero-Tap Sign-In भी पेश
Google ने इसके साथ ‘Zero-Tap Sign-In’ नाम का नया मानक भी पेश किया है। इसके तहत यूजर जब नया फोन बदलेगा, तो उसके ऐप्स में लॉगिन स्टेटस अपने आप रीस्टोर हो सकेगा। इससे नए डिवाइस पर बार-बार लॉगिन करने की परेशानी कम होने की उम्मीद है।