नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इंस्टाग्राम पोस्ट अचानक ब्लॉक होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने स्पष्ट किया है कि पोस्ट को हटाने या ब्लॉक करने में सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की आंतरिक तकनीकी प्रक्रिया से जुड़ा था। बताया गया कि इंस्टाग्राम के ऑटोमैटिक सिस्टम ने गलती से पोस्ट को फ्लैग कर दिया था, जिसके कारण वह कुछ समय के लिए ब्लॉक हो गई। बाद में तकनीकी जांच के बाद पोस्ट को दोबारा बहाल कर दिया गया।
कांग्रेस ने लगाए सेंसरशिप के आरोप
विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि राहुल गांधी की इंस्टाग्राम रील और फोटो पोस्ट अचानक दिखाई देना बंद हो गईं। इन पोस्ट में तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख सी जोसेफ विजय के शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीरें और वीडियो शामिल थे।
पूर्व यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय अभियान प्रमुख श्रीवत्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि राहुल गांधी की रील ने एक घंटे से भी कम समय में करोड़ों व्यूज हासिल किए थे, जिसके बाद उसकी पहुंच सीमित कर दी गई।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की रीच लंबे समय से प्रभावित की जा रही है। श्रीवत्स ने एक्स, यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी पहुंच सीमित होने का आरोप लगाया।
मंत्रालय ने आरोपों को बताया गलत
सूत्रों के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स पर यह दावा किया गया था कि MeitY के निर्देश पर पोस्ट को ब्लॉक किया गया, लेकिन मंत्रालय ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। सरकार का कहना है कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी और किसी तरह की राजनीतिक हस्तक्षेप की बात सही नहीं है।
तमिलनाडु में विजय बने मुख्यमंत्री
इसी बीच तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनकी पार्टी टीवीके ने 2026 विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय और उनके मंत्रिमंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
‘मैं कोई दैवीय दूत नहीं’: विजय
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने अपने संबोधन में खुद को आम इंसान बताते हुए कहा कि वह जनता से केवल वही वादे करेंगे जिन्हें पूरा किया जा सके।
उन्होंने अपने युवा समर्थकों और बच्चों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ‘विजय मामा’ कहने वाले बच्चों का प्यार ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। विजय ने अपनी जीत को तमिलनाडु में ‘नई शुरुआत’ बताते हुए सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष राजनीति को आगे बढ़ाने की बात कही।