नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री समारोह को संबोधित भी करेंगे।
यूपीएससी की स्थापना वर्ष 1926 में हुई थी। आयोग के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किए गए सालभर के समारोहों का समापन इस कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी UPSC शताब्दी स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ‘100 लैंडमार्क जजमेंट्स’ नामक पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। इस पुस्तक में यूपीएससी से जुड़े महत्वपूर्ण न्यायिक फैसलों का संकलन किया गया है।
शताब्दी समारोह में देशभर के राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, यूपीएससी के अधिकारी और अन्य संबंधित लोग शामिल होंगे। समारोह के दौरान आयोग की 100 वर्षों की यात्रा और देश की लोक सेवा व्यवस्था में उसके योगदान को भी रेखांकित किया जाएगा।