खुर्सीपार में समर कैंप का भव्य आगाज; खिलाड़ियों ने खेल भावना की शपथ लेकर उड़ाए गुब्बारे, सुमित सिंह ने किया उद्घाटन

भिलाई/दुर्ग | 14 मई, 2026 खेल प्रतिभाओं को निखारने और बच्चों को छुट्टियों में खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए खुर्सीपार के श्रीराम चौक ग्राउंड में भव्य ‘समर कैंप’ (ग्रीष्मकालीन शिविर) की शुरुआत हुई। 10 मई को सुबह सात बजे आयोजित इस उद्घाटन समारोह का नेतृत्व खेल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सुमित सिंह के दिशा-निर्देश में किया गया।

कई क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ी

इस समर कैंप को लेकर स्थानीय बच्चों और युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कैंप के पहले ही दिन खुर्सीपार, छावनी, बैकुंठ धाम, जवाहर नगर और सेक्टर-1 सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन के दौरान मैदान खेल के रंग में रंगा नजर आया।

इन खेलों का मिलेगा प्रशिक्षण

आयोजकों ने बताया कि इस शिविर में बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने और खेल की बारीकियां सिखाने के लिए कई विधाओं को शामिल किया गया है। कैंप के दौरान अनुभवी कोच द्वारा खिलाड़ियों को क्रिकेट, योग, कराटे, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल का नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शपथ और गुब्बारे उड़ाकर शुरुआत

समारोह की शुरुआत में सभी विधाओं के खिलाड़ियों ने पूरी खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने की शपथ ली। इसके बाद मुख्य अतिथियों और बच्चों ने हवा में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर कैंप का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उपस्थित पालकों ने भी खेल प्रकोष्ठ के इस प्रयास की सराहना की।

वरिष्ठ जन रहे उपस्थित

इस गरिमामय खेल आयोजन के अवसर पर खेल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष सुमित सिंह के साथ गुड्डू खान, डी. कामराजू, अजहर अली, शंकर राव और माधव विशेष रूप से उपस्थित रहे। खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देने के लिए मुख्य प्रशिक्षक (कोच) नीरज चौधरी, जितेंद्र, चंदन शर्मा, वी.पी. सिंह और विमल भी मैदान में डटे रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन नाग सर द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *