दुर्ग में अग्निशमन दिवस पर भव्य रैली, लोगों को किया गया जागरूक

दुर्ग: जिले में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग द्वारा अग्निशमन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इसके बाद अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से फायर वाहनों की एक भव्य रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली शहर के प्रमुख स्थानों—जेल तिराहा, इंदिरा मार्केट, नेहरू नगर मार्केट और सेक्टर एरिया—से होकर गुजरी, जहां आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

रैली के दौरान नागरिकों को घरों में छोटे-मोटे आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र रखने और उसके सही उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी सिस्टम और अग्निशामक उपकरण अनिवार्य रूप से लगाने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के तहत आने वाले दिनों में जिले के स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, अपार्टमेंट्स, बाजारों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और फैक्ट्रियों में फायर डेमो आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को आपात स्थिति में सुरक्षित रहने और आग पर काबू पाने के तरीके सिखाए जा सकें।

इस अवसर पर जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह, अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय, नगर सेना प्रभारी श्यामलाल देशमुख एवं कन्हैया साहू, एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव और ईश्वर खरे सहित समस्त अग्निशमन कर्मचारी एवं एसडीआरएफ टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *