इंडोनेशिया में PM मोदी का भव्य स्वागत, राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल तोड़ एयरपोर्ट पर किया अभिनंदन

जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री के रूप में यह उनका तीसरा इंडोनेशिया दौरा है। इस अवसर पर उनका भव्य राजकीय स्वागत किया गया। इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने भारतीय विमान को देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद एस्कॉर्ट किया, जबकि एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने स्वयं पहुंचकर उनका स्वागत किया।

दोनों नेताओं के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता को रणनीतिक और रक्षा सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बैठक में भारत और इंडोनेशिया के बीच लगभग 2,500 करोड़ रुपये के संभावित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल समझौते सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, इस रक्षा समझौते की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

जकार्ता पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राष्ट्रपति प्राबोवो के आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में दोनों देशों के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था और अब इस साझेदारी को व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, निवेश तथा अन्य क्षेत्रों में और मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया में रह रहे भारतीय समुदाय से मिलने की भी उत्सुकता व्यक्त की।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्राबोवो के साथ प्रम्बानन मंदिर का भी दौरा करेंगे। 9वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर भगवान शिव, विष्णु और ब्रह्मा को समर्पित है तथा यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।

गौरतलब है कि इंडोनेशिया दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश है, लेकिन उसकी सांस्कृतिक विरासत पर हिंदू-बौद्ध परंपराओं की गहरी छाप आज भी दिखाई देती है। यही साझा सांस्कृतिक विरासत भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को ऐतिहासिक मजबूती प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *