नई दिल्ली। आईपीएल-2026 के दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। गुजरात ने 214 रनों का लक्ष्य 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल किया। इस जीत के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली।
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 214 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात की शुरुआत मजबूत रही, जहां गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी कर मैच की दिशा तय कर दी।
गिल ने 53 गेंदों में 104 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं साई सुदर्शन ने 32 गेंदों पर 58 रन बनाए, लेकिन लगातार दूसरे मैच में वह हिट-विकेट आउट हो गए।
मैच के बाद गिल ने सुदर्शन को लेकर मज़ेदार अंदाज़ में कहा कि सोशल मीडिया पर उनके आउट होने के वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि “अब मुझे उसके हाथ बांधने पड़ेंगे।” उनका यह बयान चर्चा का विषय बन गया।
गिल ने आगे कहा कि सुदर्शन के साथ उनकी सलामी जोड़ी बेहद मजबूत है और दोनों के बीच शानदार तालमेल है। उन्होंने बताया कि पारी के दौरान वे स्थिति के अनुसार आक्रामक और संतुलित बल्लेबाजी का निर्णय आसानी से लेते हैं।
अपनी शतकीय पारी पर गिल ने कहा कि वह उस समय अच्छे “जोन” में थे, जहां वे गेंद को समझकर गैप में शॉट खेल रहे थे और रन बटोर रहे थे।