स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की विभागीय समीक्षा, अस्पतालों में दवा-सफाई और मरीजों की सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

रायपुर, 19 अगस्त 2026। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई की व्यवस्था और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों से जिलेवार स्थिति की जानकारी लेते हुए विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और उनके सुचारु संचालन पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही अस्पतालों में स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और कमियों को तत्काल दूर करने पर विशेष जोर दिया, ताकि प्रदेश के हर नागरिक को समय पर बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *