उत्तर और मध्य भारत में लू का कहर, 26 मई तक केरल पहुंचेगा मानसून

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। विभाग के अनुसार 24 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी में अगले एक सप्ताह तक तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अगले तीन दिनों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए अगले दो दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 24 मई तक लू चलने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भी मंगलवार से 24 मई के बीच भीषण लू पड़ने के आसार हैं।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी अलग-अलग दिनों में लू का असर देखने को मिल सकता है। बिहार और तेलंगाना में 21 मई तक तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 20 से 24 मई के बीच गर्म हवाएं चलने की संभावना है।

इधर, गर्मी से राहत देने वाली खबर भी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। हालांकि मानसून के आगमन में चार दिन आगे या पीछे होने की संभावना भी जताई गई है। अगले पांच दिनों के दौरान केरल और माहे के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *