मुंबई/कोलकाता। देश के प्रमुख महानगरों मुंबई और कोलकाता में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए निजी विमानन कंपनियों SpiceJet और IndiGo ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर चेक करने की अपील की है।
मुंबई में SpiceJet ने यात्रियों को किया अलर्ट
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए SpiceJet ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए यात्रियों को सतर्क किया है। एयरलाइन के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण उड़ानों के आगमन और प्रस्थान पर असर पड़ सकता है।
बारिश के चलते कुछ उड़ानों में देरी या रीशेड्यूलिंग की स्थिति बन सकती है। कंपनी ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
SpiceJet के चार विमानों को लेकर भी खबर
इसी बीच SpiceJet से जुड़ी एक अन्य खबर भी सामने आई है। एयरक्राफ्ट सप्लायर कंपनियों ने एयरलाइन के चार Boeing 737-8 Max विमानों का रजिस्ट्रेशन रद्द करने के लिए DGCA से संपर्क किया है।
हालांकि, SpiceJet का कहना है कि ये विमान लंबे समय से ऑपरेशन में नहीं हैं। कंपनी के मुताबिक, इनका रजिस्ट्रेशन रद्द होने से एयरलाइन पर लीज रेंट का बोझ कम होगा।
कोलकाता में IndiGo ने जारी की एडवाइजरी
वहीं, कोलकाता में भारी बारिश को देखते हुए IndiGo ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण उड़ानों के संचालन में देरी हो सकती है।
IndiGo की टीमें मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। कंपनी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें।
एयरपोर्ट जाते समय अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह
IndiGo ने यात्रियों को सड़क मार्ग से एयरपोर्ट पहुंचने में संभावित ट्रैफिक जाम को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान यात्रियों से सावधानी बरतने और एयरलाइंस की ओर से जारी अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है।
ऐसे में मुंबई और कोलकाता से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का अपडेट जरूर जांच लें।