नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए होंडा अपनी लोकप्रिय मिडसाइज एसयूवी एलिवेट को नए अवतार में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी जल्द ही Honda Elevate फेसलिफ्ट को बाजार में उतार सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस एसयूवी की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है और इसे कई बार भारतीय सड़कों पर देखा गया है। माना जा रहा है कि इसका फेसलिफ्ट मॉडल वर्ष के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।
मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच होंडा यह बड़ा कदम उठा रही है। वर्तमान में Hyundai Creta और Kia Seltos जैसी गाड़ियों के मुकाबले एलिवेट की बिक्री अपेक्षाकृत कम रही है। मई महीने में इसकी केवल 1,224 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत कम है। ऐसे में कंपनी नए डिजाइन और आधुनिक फीचर्स के जरिए ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारी में है।
स्पाई शॉट्स से मिली जानकारी के अनुसार, नई एलिवेट के एक्सटीरियर में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें नया फ्रंट ग्रिल, रिडिजाइन बंपर, अपडेटेड एलईडी हेडलैंप्स और नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं। वहीं पीछे की तरफ रिवाइज्ड एलईडी टेललैंप्स भी देखने को मिल सकते हैं, जिससे एसयूवी का लुक पहले से अधिक प्रीमियम और आकर्षक बनेगा।
इंटीरियर और फीचर्स के मामले में भी कंपनी बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। नई एलिवेट फेसलिफ्ट में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, अपडेटेड डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एडवांस्ड ADAS सुरक्षा फीचर्स मिलने की संभावना है। साथ ही केबिन में बेहतर क्वालिटी के मैटेरियल और नई अपहोल्स्ट्री का इस्तेमाल किया जा सकता है।
हालांकि, इंजन विकल्प में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है। नई होंडा एलिवेट में मौजूदा मॉडल वाला 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही दिया जा सकता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों के साथ उपलब्ध रहेगा।