Honey Singh की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, महाराष्ट्र साइबर ने भेजा समन; पेश न होने पर LOC की तैयारी

मुंबई। मशहूर रैपर और गायक यो यो हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने उन्हें नया समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने हनी सिंह को 16 अक्टूबर को जांच अधिकारी के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई दिल्ली में आयोजित एक शो के कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने और इस संबंध में शिकायत दर्ज होने के बाद की गई है।

तीन बार समन के बावजूद पेश नहीं हुए हनी सिंह

महाराष्ट्र साइबर सेल के अधिकारियों के अनुसार, हनी सिंह को इससे पहले भी तीन बार पूछताछ के लिए समन भेजा गया था। हालांकि, वह विदेश में होने का हवाला देकर पेश नहीं हुए। इससे पहले उन्हें 5 अक्टूबर को मुंबई के कफ परेड स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के साइबर कार्यालय में बुलाया गया था। एजेंसी ने इसे आखिरी रिमाइंडर बताया था। इसके बावजूद हनी सिंह पूछताछ में शामिल नहीं हुए और उनके कानूनी प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त समय मांगा।

पेश नहीं होने पर LOC जारी करने की तैयारी

जांच अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि हनी सिंह 16 अक्टूबर को भी पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने और गैर-जमानती वारंट के लिए अदालत का रुख करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। LOC जारी होने पर किसी व्यक्ति की विदेश यात्रा पर रोक लगाने या उसे देश छोड़ने से रोकने के लिए संबंधित एजेंसियां कदम उठा सकती हैं।

दिल्ली हाई कोर्ट में भी चल रहा है मामला

हनी सिंह इससे पहले भी अपने गानों और प्रस्तुतियों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। दिल्ली हाई कोर्ट में ‘हिंदू शक्ति दल’ नामक संगठन की याचिका पर सुनवाई के दौरान गायक को हलफनामा पेश करने का निर्देश दिया गया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि उन्होंने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक गाना प्रस्तुत किया था।

इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को सोशल मीडिया और डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से हनी सिंह के विवादित ट्रैक ‘वॉल्यूम 1’ के यूआरएल हटाने के निर्देश भी दिए थे। अब महाराष्ट्र साइबर सेल के नए समन के बाद गायक की कानूनी मुश्किलें फिर चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *