दुर्ग में खौफनाक वारदात: 25 लोगों ने युवक की बेरहमी से कर दी हत्या ,बचाने आए दो भाइयों की भी हालत नाजुक

दुर्ग | 12  मई, 2026 दुर्ग के राजीव नगर इलाके में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात आपसी रंजिश ने खूनी रूप अख्तियार कर लिया। वार्ड क्रमांक 03 के अंबेडकर चौक (राम जानकी मंदिर के पास) स्थित तालाब के नीचे करीब 20 से 25 हमलावरों ने एक 20 वर्षीय युवक पर लाठी, डंडों, सब्बल और चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस हमले में युवक के दो भाई भी लहूलुहान हुए हैं, जिनमें से एक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

घर के बाहर टहलते वक्त हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, राजीव नगर निवासी जितेश ठाकुर (20 वर्ष), पिता बैसाखू ठाकुर, रात करीब 1:30 बजे अपने घर के बाहर टहल रहा था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे 20 से 25 लोगों की भीड़ ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने आव देखा न ताव और जितेश पर सब्बल और चाकुओं से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।

बीच-बचाव में आए भाई भी हुए शिकार

शोर सुनकर जितेश का सगा बड़ा भाई राहुल ठाकुर और चाचा का बेटा नेहरू ठाकुर उसे बचाने दौड़े। बेरहम हमलावरों ने उन दोनों को भी नहीं बख्शा और उन पर भी घातक हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल राहुल ठाकुर को गंभीर स्थिति में रायपुर के मेकाहारा (Mekahara) अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी जान पर संकट बना हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई: 8 हिरासत में

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अब तक 7 से 8 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *