पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, बच्चे समेत 8 लोगों की दर्दनाक मौत

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खोह नागोरियान क्षेत्र के आयशा नगर तलाई इलाके में स्थित एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने के बाद हुए विस्फोट में एक बच्चे सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।

प्रशासन के अनुसार, आईटीआई कॉलेज के पास स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसके बाद लगातार धमाके होते रहे। विस्फोट इतने तेज थे कि राहत एवं बचाव कार्य में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मृतकों में अब्दुल वाहिद (50), बिलाल खान (30), समीर (20), आजीम खान (18) उर्फ आविद, नासिर खान समेत अन्य लोग शामिल हैं। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे में जान गंवाने वालों में बिलाल खान और आजीम खान सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि आजीम वहां कार्यरत था, जबकि बिलाल उससे मिलने पहुंचा था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक हुए विस्फोट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के अनुसार, घटनास्थल पटाखों का भंडारण स्थल था, जबकि निर्माण इकाई कहीं और संचालित की जा रही थी। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। जिस मकान में यह गतिविधि चल रही थी, वह याकूब नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिसे दिल्ली निवासी फिरोज को किराए पर दिया गया था। आरोप है कि फिरोज अपने सहयोगी वसीम के साथ मिलकर वहां अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और संबंधित कारोबार चला रहा था।

हादसे के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित खतरनाक इकाइयों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *