रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में टार बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग पोरवाल टार प्रोडक्ट्स लिमिटेड में लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
रायपुर पश्चिम के अतिरिक्त डीसीपी आदित्य पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और दमकलकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।
आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
फैक्ट्री में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग से फैक्ट्री को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी भी जांच और स्थिति स्पष्ट होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।