भिलाई निवास होटल के पीछे सेप्टिक लाइन में मिला इंसानी सिर, इलाके में मचा हड़कंप

भिलाई। भिलाई में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीएसपी टाउनशिप के सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास होटल के पीछे नर्सरी क्षेत्र में सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सिर सड़ी-गली अवस्था में था। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाके में सेप्टिक लाइन जाम होने की शिकायत के बाद ठेका श्रमिक सफाई कार्य के लिए पहुंचे थे। सफाई के दौरान कर्मचारियों को पाइप के भीतर पॉलीथिन में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। काफी मशक्कत के बाद पैकेट को बाहर निकाला गया। शुरुआत में कर्मचारियों को उसके भीतर किसी जानवर का सिर होने का संदेह हुआ, लेकिन खोलकर देखने पर उसमें इंसानी सिर मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल सहित भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सिर को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या के बाद सिर को यहां लाकर सेप्टिक लाइन में फेंका गया होगा। हालांकि, हत्या हुई है या नहीं और सिर वहां कैसे पहुंचा, इसकी पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

मृतक की पहचान और धड़ की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और उसके धड़ का पता लगाने में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद सिर किस व्यक्ति का है तथा उसे सेप्टिक लाइन में किसने और कब फेंका।

मामले की जांच जारी है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *