मैच के दौरान गलती पड़ी भारी, पाकिस्तान की गुल फिरोजा पर ICC ने लगाया जुर्माना

दुबई। महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एक और झटका सामने आया है। टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज गुल फिरोजा पर आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है।

दरअसल, सोमवार को दुबई में पाकिस्तान और हांगकांग के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान गुल फिरोजा ने ऑन-फील्ड अंपायर के एलबीडब्ल्यू आउट देने के फैसले पर असहमति जताई थी। इसी मामले को लेकर आईसीसी ने उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया।

पांचवें ओवर में हुआ विवाद

पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर कैरी चैन ने गुल फिरोजा को टॉस-अप गेंद डाली। फिरोजा ने गेंद को स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन वह गेंद से चूक गईं और गेंद उनके पैड पर जाकर लगी। ऑन-फील्ड अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया।

टूर्नामेंट में डीआरएस की सुविधा नहीं होने के कारण गुल फिरोजा को पवेलियन लौटना पड़ा। हालांकि, मैदान से बाहर जाते समय उन्होंने अंपायर के फैसले पर अपनी असहमति जाहिर की। बताया गया कि उन्होंने अपने बल्ले की ओर इशारा करते हुए एज लगने का संकेत दिया था।

24 महीने में दूसरी गलती

आईसीसी के अनुसार, गुल फिरोजा का यह व्यवहार आईसीसी प्लेयर्स कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.8 का उल्लंघन था। यह 24 महीने की अवधि में उनका दूसरा अपराध है। कार्रवाई के बाद उनके रिकॉर्ड में डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

गुल फिरोजा एशिया कप 2026 में कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के लिए कार्रवाई झेलने वाली पाकिस्तान की दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना पर भी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था। उन्हें भारत के खिलाफ मुकाबले में शेफाली वर्मा को आउट करने के बाद किए गए व्यवहार के लिए एक डिमेरिट पॉइंट मिला था।

पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचा

भारत के खिलाफ पाकिस्तान को करारी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, हांगकांग के खिलाफ पाकिस्तान ने 72 रन से जीत दर्ज कर ग्रुप ए से भारत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली।

महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने जगह बनाई है। सेमीफाइनल मुकाबलों में भारत का सामना बांग्लादेश से, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत श्रीलंका से होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *