नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्रों के जारी प्रदर्शन का असर एक बार फिर दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर देखने को मिला है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने गुरुवार को भी 16 मेट्रो स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है।
DMRC के अनुसार, ‘चलो संसद’ प्रदर्शन और सुरक्षा एजेंसियों की सलाह के बाद यह फैसला लिया गया है। बंद किए गए स्टेशनों पर यात्रियों के लिए प्रवेश (Entry) और निकास (Exit) दोनों पूरी तरह बंद रहेंगे। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्री लाइन बदल सकेंगे।
बंद रहने वाले 16 मेट्रो स्टेशन
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- केंद्रीय सचिवालय
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
बता दें कि बुधवार को भी यही 16 स्टेशन शाम तक बंद रहे थे, जिससे स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले सोमवार को भी सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के सात स्टेशन अस्थायी रूप से बंद किए गए थे।
गौरतलब है कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर CJP और छात्र संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसका असर मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा है।