बिलासपुर। आने वाले दिनों में रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने जानकारी दी है कि उत्तर मध्य रेलवे के झांसी रेल मंडल अंतर्गत ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और ट्रैक आधुनिकीकरण का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों को उनके नियमित मार्ग के बजाय परिवर्तित रूट से संचालित किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने नए मार्ग की जानकारी भी जारी कर दी है।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार 16 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक अमृतसर से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने नियमित मार्ग के स्थान पर मथुरा-बयाना-सोगरिया-रूठियाई-बीना मार्ग से होकर बिलासपुर पहुंचेगी। रूट परिवर्तन के कारण ट्रेन के समय में भी आंशिक बदलाव संभव है।
समता एक्सप्रेस का भी रूट डायवर्ट
20 जुलाई 2026 को हजरत निजामुद्दीन से विशाखापट्टनम के लिए रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 12808 समता एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग के बजाय मथुरा-बयाना-सोगरिया-रूठियाई-बीना मार्ग से संचालित की जाएगी।
हीराकुंड एक्सप्रेस भी बदले रास्ते से जाएगी
इसी तरह 19 जुलाई 2026 को अमृतसर से चलने वाली गाड़ी संख्या 20808 अमृतसर-विशाखापट्टनम हीराकुंड एक्सप्रेस को भी डायवर्ट किया गया है। यह ट्रेन मथुरा-बयाना-सोगरिया-रूठियाई-बीना-मालखेड़ी मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस, नया रूट और समय-सारणी अवश्य जांच लें। इसके लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग कर सकते हैं।
रेलवे ने कहा है कि निर्माण कार्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित रेल संचालन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान कुछ अस्थायी असुविधा हो सकती है, जिसके लिए यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।